500 से ज्यादा ट्रैक्टरों से किसानों ने निकाला ट्रैक्टर मार्च
अफजलगढ़। ब्लॉक क्षेत्र के गांवों के किसानों ने दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अफसर व कई थानों की पुलिस, पीएसबी मौजूद रहा।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी, बलजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, अजबिंदर तथा कुलविंदर सिंह के नेतृत्व कार्यकर्ताओं व किसानों ने ट्रैक्टरों द्वारा ट्रैक्टर मार्च तथा जन जागृति रैली निकाली। रैली से पूर्व भाकियू कार्यकर्ता व किसान गांव कादराबाद में ट्रैक्टर सहित एकत्र हुए। भाकियू के झंडे लगाकर करीब 500 से अधिक ट्रैक्टरों की लगभग आठ किमी दूर तक लंबी लाइन लग गई। इस दौरान तीन हजार से अधिक किसान व भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ट्रैक्टर रैली कादराबाद से प्रारंभ होकर अफजलगढ़, भज्जावाला, आलमपुर, भूतपुरी, सुआवाला होती हुई बादीगढ़, केहरीपुर, कल्लूवाला होकर भिक्कावाला तथा कादराबाद पहुंच कर संपन्न हुई। इस दौरान किसानों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों की निंदा की। किसान कृषि बिल वापस लेने की मांग करते हुए चल रहे थे। अफजलगढ़ जसपुर तिराहे पर पुलिस द्वारा लगी बैरिंकेडिंग को हटाते हुए ट्रैक्टर रैली आगे निकाली गई। तिराहे पर विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा किसानों को माला पहनाकर फल वितरित कर स्वागत किया।
इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसडीएम धामपुर धीरेंद्र सिंह, एसपी ग्रामीण संजय सिंह, सीओ धामपुर अजय कुमार अग्रवाल, सीओ अफजलगढ़ सुनीता दहिया, सहित कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान मुख्तियार सिंह, गुरविंदर सिंह, देवेंद्र सिंह, अमरदीप सिंह, मदन राणा, विजेंद्र सिंह, रामकरण सिंह, सीपी सिंह तथा संजय राणा आदि किसान नेता सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।