बारिश होते ही खाद लेने दौड़े किसान
जलीलपुर/चांदपुर। किसान सेवा सहकारी समिति जलीलपुर में यूरिया खाद लेने वाले किसानों की भारी भीड़ रही। समिति द्वारा खाद की कमी व मांग को देखते हुए प्रति किसान दो यूरिया खाद के कट्टे वितरित किए।
जलीलपुर क्षेत्र के अधिकतर किसान जलीलपुर, मुढाल, खानपुर किसान सेवा समिति से ही खाद खरीदते हैं। किसानों का कहना है कि मुढाल व खानपुर सहकारी समिति पर खाद उपलब्ध नहीं है। बारीश के बाद खेत में यूरिया खाद की मांग बढ़ जाती है। जिससे बृहस्पतिवार को बारिश के बाद मौसम खुलतें ही किसानों ने यूरिया खाद खरीदने के लिए भागदौड़ शुरू कर दी। किसान सेवा सहकारी समिति जलीलपुर पर यूरिया खाद लेने वाले किसानों की भीड़ लग गई। किसान छोटे सिंह, रफीक अहमद, महेश कुमार, सतेंद्र सिंह, रामवीर आदि ने बताया जलीलपुर क्षेत्र में अन्य सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध नही हैं इसलिए सब किसान यहीं आ रहे हैं। सहकारी समिति जलीलपुर कर्मियों ने खाद की उपलब्धता और किसानों की ज्यादा मांग को देखते हुए किसानों को एक आधार कार्ड पर दो बोरे यूरिया खाद दिया।