बिजनौर कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे किसान मजदूर संगठन पूरन के कार्यकर्ता। संवाद
बिजनौर। किसान मजदूर संगठन (पूरन) के बैनर तले संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और धरना देकर बैठ गए। धरने पर किसान नेताओं ने घोषित गन्ना मूल्य को नाकाफी बताते हुए 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल प्रतिबंध लाने आदि समस्याओं को जोरशोर से उठाया।
धरने पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया और उनके निदान पर भी चर्चा की गई। संगठन के जिलाध्यक्ष नौबहार सिंह गहलौत ने कहा कि गन्ना फसल की लागत व किसानों की मेहनत के अनुपात में गन्ना मूल्य बहुत कम है।
बढ़ती महंगाई, उत्पादन लागत को देखते हुए गन्ना मूल्य 500 रुपये करने की मांग की। सहकारी समितियों पर दी जाने वाली चार प्रतिशत सब्सिडी को किसानों के खाताें में तत्काल भेजने की मांग की। बाद में संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन प्रेषित किया गया।
इस दाैरान वरुण कुमार, अश्वनी कुमार, सुभाष, कोमल सिंह, दलवीर सिंह, डॉ. विपिन राजपूत, हेमंत कुमार, नरेंद्र कुमार आदि रहे।