-अफसरों के आश्वासन पर किसानों का धरना समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नेशनल हाईवे मेरठ-पौड़ी पर बिजनौर के पास ग्राम झलरा के सामने बंद किए गए कट को खोलने को लेकर भाकियू के बैनर तले किसानों, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे भाकियू जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान ने कहा कि एनएच प्रशासनिक अधिकारी पर किसानों की समस्या का निदान करने की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने धरने को अनिश्चितकालीन करने की घोषणा की है।
धरने पर वक्ताओं ने कहा कि कट बंद होने से किसान व ग्रामीणों को कई किलोमीटर चलना पड़ता है। खासकर किसानों को बैलगाड़ी के माध्यम से जंगल जाने-आने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने नेशनल हाईवे पर गांव झलरा के सामने कट खुलवाने की मांग की है। धरने पर सदर तहसीलदार आशीष सक्सेना, कोतवाल बिजनौर और एनएच के एसडीओ आशीष शर्मा पहुंचे।
अधिकारियों एवं किसान नेताओं बीच वार्ता हुई। वार्ता में अधिकारियोें ने कट के संबंध में समाधान करने के लिए आठ दिन का समय मांगा। बताया कि इस कट को खुलवाने के लिए जो भी टेक्निकल प्वाइंट है। उन सबको पूरा करते हुए कट को खुलवा दिया जाएगा। आश्वासन पर किसानों का धरना समाप्त हो गया।
धरने पर नरदेव कुमार, पंडित देवता शर्मा, कोमन सिंह, डॉ. विजय चौधरी, विकास चौधरी, आशु चौधरी, अंकित कुमार, नीटू चौधरी, अभिषेक कुमार, जितेंद्र कुमार, गौरव जंघाला, अंकुर, विनीत कुमार आदि उपस्थित रहे।