किसानों को गेहूं की फसल के बारे में जानकारी दी
चांदपुर। गांव बागड़पुर में किसानों द्वारा आयोजित रबी की फसल को लेकर हुई विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने रबी की फसल संबंधी जानकारी दी। गोष्ठी में किसानों से हरी खाद, जैविक खाद, गोबर की खाद का प्रयोग करने पर जोर दिया।
संयुक्त कृषि निदेशक मुरादाबाद मंडल की अध्यक्षता में चली गोष्ठी में आएसएम महाविद्यालय धामपुर के प्रोफेसर डॉ. शिराज सिंह ने गेहूं की फसल के संबंध में किसानों को जानकारी दी। मृदा विज्ञान के प्रोफेसर रवि ने भूमि की शक्ति बनाए रखने के लिए किसानों से हरी खाद, जैविक खाद, गोबर की खाद का प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भूमि में जीवांश खाद को बनाए रखना बहुत महत्वपूर्ण है। आत्मा योजना के जिला प्रबंधक योगेंद्र पाल सिंह योगी ने किसानों को अच्छी खेती के टिप्स दिए। जिला सहायक निबंधक डॉ.प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में किसानों को यूरिया, डीएपी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ.अवधेश मिश्रा ने किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने तथा अनुदान पर गेहूं की नवीनतम प्रजातियों के बीजों पर ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी केपी सिंह ने नमामि गंगे योजना पर प्रकाश डाला। इस योजना में जनपद के 46 गांव जो गंगा के किनारे बसे हैं, उनमें जैविक खाद पर आधारित खेती कराने की योजना है। इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में धर्मपाल सिंह, हरेंद्र मलिक, वीर सिंह, वेद प्रकाश, देवेंद्र सिंह, लव कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन अनिल कुमार व हरेंद्र पटेल ने संयुक्त रूप से किया।