हल्दौर में गन्ना मूल्यों में एक भी रुपये की वृद्धि न होने से आक्रोशित किसानों ने भाकियू भानु के बैनर तले किसानों ने गन्ने की होली जलाई। किसानों ने चुनाव में सरकार को सबक सिखाने की घोषणा की।
हल्दौर में किसानों ने बालकिशनपुर चौराहे पर गन्ने की होली जलाकर प्रदर्शन किया। जिला संगठन मंत्री महिपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की हितैषी नहीं है। सरकार ने इस साल गन्ने के दामों में कोई बढ़ोतरी न कर किसानों के प्रति अपनी घृणा उजागर का किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि खाद व बिजली दर में बढ़ोतरी करने के बाद भी गन्ना मूल्य न बढ़ाया जाना किसानों पर अत्याचार है। पुलिस उप निरीक्षक परवेंद्र सिंह तोमर को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। शशिभूषण, कालू सिंह, तारा सिंह, लोकेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, राजीव कुमार, अशोक कुमार, जबर सिंह, देवेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, महकार सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं बिजनौर में गांव सिरधनी बांगर में भी किसानों ने गन्ने की होली जलाई। किसानों ने एलान किया कि एक दो दिन में गन्ना मूल्य न बढ़े तो पूरे प्रदेश में चक्का जाम किया जाएगा। कहा कि एक जनवरी को जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, गौरव कुमार, राहत अली, हरपाल सिंह, इसरार, मुनव्वर अली, सुरेश, फरहत अली, रईस, चमन सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी
नांगलसोती में प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में वृद्धि न किए जाने से किसानों में आक्रोश फूट पड़ा। भाकियू भानु ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए नांगल-चंदक मार्ग पर गन्ने की होली जला कर धरना प्रदर्शन किया। गन्ना किसानों की उम्मीदों को उस समय भारी झटका लगा, जब प्रदेश की भाजपा सरकार ने गन्ना मूल्य की घोषणा बिना वृद्धि किए कर दी। गन्ना किसान प्रदेश की भाजपा सरकार से नए पेराई सत्र में गन्ना मूल्य में भारी इजाफा होने की उम्मीद लगाए बैठे थे। भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सौफतपुर के समीप नांगल-चंदक पर एकत्रित हुए। आखिरकार गन्ना मूल्य वृद्धि न किए जाने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने नांगल-चंदक मार्ग पर गन्ने की होली जलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अरुण कुमार, रामकुमार, अंबरीश, गजराज, वीर पाल, पीतम, राजवीर, राजकुमार, अमर सिंह, अर्पण, डोरीलाल, कामेंद्र आदि मौजूद रहे।