किसानों ने किया एससीडीआई का घेराव
धामपुर। किसानों ने शनिवार को समस्याओं का निदान न होने पर गन्ना विकास परिषद में पहुंचकर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षण (एससीडीआई) अमित कुमार पांडेय का घेराव किया। आरोप लगाया कि गन्ना समिति से जारी होने वाली अधिकांश गन्ना पर्चियों के नंबरों को चीनी मिल में लगे कंप्यूटर एंट्री कराते वक्त गलत बता रहे हैं। जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। उन्हें रातभर मिल यार्ड में खुले आसमान तले रात गुजारने को विवश होना पड़ रहा है।
भाकियू (भानू गुट) के ब्लाक अध्यक्ष हरिराज सिंह जाट के नेतृत्व में किसान डाक्टर जसवंत सिंह, गजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, अवनीश कुमार, सुधांशु कुमार आदि शनिवार को एससीडीआई अमित कुमार पांडेय से मिले। बताया कि गन्ना पर्चियों को चीनी मिल में लगे कंप्यूटर एंट्री कराते वक्त गलत बता रहे है। आरोप है कि या तो गन्ना पर्चियां ही गलत तरीके से छापी जा रही हैं, या चीनी मिल की ओर से किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसानों ने एससीडीआई से समस्या का स्थायी निदान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। एससीडीआई ने महाप्रबंधक (गन्ना) आजाद सिंह से फोन से वार्ता की और समस्या का निदान कराने की सिफारिश की। उधर, जीएम आजाद सिंह का कहना है कि किसानों को इसलिए परेशानी हो रही है, क्योंकि गन्ना समिति की ओर से जानकारी करने पर सही प्रकार से समय से जबाव नहीं दिया जाता।