बिजनौर। गांव सेह में शनिवार शाम चमन (45) पर पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के बाद चमन ने खून की उल्टी की और हालात बिगड़ गई अस्पताल ले जाते हुए दम तोड़ दिया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया।
शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव सेह निवासी चमन सिंह का आठ दिन पहले हरदीप से किसी बात को लेकर विवाद हो हुआ। तभी से ही हरदीप पक्ष चमन सिंह से रंजिश रखने लगा था। अब शनिवार देर शाम चमन अपने घर के पास बैठकर ताश खेल रहा था। आरोप है कि हरदीप अपने कई साथियों के साथ पहुंचा और चमन सिंह पर हमला कर दिया।
चमन के भाई पवन सिंह ने बताया कि आरोपियों ने अचानक चमन पर लाठी से हमला कर दिया और उसे जमकर पीटा। आसपास के लोगों ने बीच बचाव का प्रयास भी किया लेकिन आरोपी नहीं माने। बताया गया कि लाठी लगने के बाद चमन को खून की उल्टी हुई। परिवार के लोग नूरपुर के स्वास्थ्य केंद्र में ले गए। जहां से उसे जिला मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में चमन की मौत हो गई। इसके बाद परिवार वाले सब को लेकर थाना शिवाला कला पहुंच गए। उधर, किसान की मौत होने के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। मृतक किसान का एक बेटा राजन है। घटनास्थल पर सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थान का मुआयना किया।
गुस्साए लोगों ने शव को थाने के सामने नूरपुर अमरोहा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि 8 दिन पहले ही दोनों पक्ष में झगड़ा हुआ था। अगर पुलिस उस समय ठोस कार्रवाई कर देती तो यह घटना नहीं होती। एसपी देहात विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।