बिजनौर। नजीबाबाद के गांव महावतपुर बिल्लौच निवासी 55 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सर्वे किया। टीम शनिवार को गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव करेगी।
जिले में इस साल डेंगू के चार मरीज मिल चुके हैं। सभी की तबीयत में सुधार है। मिली जानकारी के अनुसार महावतपुर बिल्लौच निवासी 55 वर्षीय महिला को सात सितंबर को बुखार आया था। गांव के ही किसी डॉक्टर से दवाई ली। लेकिन आराम नहीं हुआ। इसके बाद बिजनौर के निजी हॉस्पिटल में इलाज कराया। तबीयत में सुधार नहीं होने पर पीड़िता को परिजन लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज मेरठ ले गए। यहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के बाद महिला की तबीयत में सुधार हुआ। सहायक मलेरिया अधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि गांव में 18 लोग बुखार से पीड़ित मिले। सभी मरीजों की डेंगू की जांच कराई गई। किसी अन्य में अभी डेंगू की पुष्टि नहीं हुई।
जिले में वायरल का प्रकोप
जिले में इस समय वायरल का प्रकोप है। हर गांव में लोग बुखार से पीड़ित हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने की वजह से लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों में मौसम में बदलाव हो रहा है। दिन में कभी तेज धूप तो कभी बादल छा रे हैं। जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। एक बार बुखार आने पर लोग 15 दिन में स्वस्थ हो रहे हैं।
डेंगू के लक्षण
-सिर दर्द होना
-आंखों के पीछे दर्द होना
-जी मिचलाना, उल्टी होना
-त्वचा पर लाल चकत्ते होना
-मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द
-ग्रंथियों में सूजन
ऐसे करें बचाव
-मच्छरदानी का उपयोग करें
-घर में या आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें
-कूलर का पानी रोजाना बदलें
-पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें
-पानी की टंकी को ढक कर रखें
महावतपुर बिल्लौच में डेंगू से ग्रसित एक महिला मिली है। महिला की तबीयत में सुधार है। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। सभी लोग अपने घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दें।
मंजूषा गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी, बिजनौर