नहटौर। फुलसंदा बस अड्डे पर रविवार की शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो ने गांव निवासी किसान राजेंद्र सिंह (55) पुत्र मुंशीराम को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि कार सवार युवक शराब पीकर गाली- गलौज कर रहे थे। ग्रामीणों के टोकने पर उन्होंने तेजी से कार दौड़ा दी, जिससे हादसा हुआ।
फुलसंदा अड्डे पर कोतवाली देहात क्षेत्र के कुछ युवक सड़क किनारे स्कार्पियो कार खड़ी करके शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गाली-गलौज न करने की हिदायत देते हुए वहां से चले जाने को कहा। युवक नशे की हालत में कार लेकर तेज रफ्तार से वहां से निकल रहे थे। इसी दौरान कार की चपेट में आकर राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए नहटौर के ट्रामा सेंटर ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि रास्ते में ही राजेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अपराध निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि पूछताछ में कार चालक शादाब व सागर निवासी कोतवाली देहात सहित अन्य नाम सामने आए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।