नूरपुर। गांव अब्दुल्लापुर दहाना में रविवार सुबह एक किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस हादसे में किसान की पत्नी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं। मृतक की पहचान 58 वर्षीय इसरार अहमद के रूप में हुई है।
बताया गया कि घर के पास शौचालय की ओर जाने वाले रास्ते से बिजली का एक तार गुजर रहा था। इस तार में कट होने के कारण उसमें करंट फैल गया था। काम करते समय इसरार अहमद का हाथ अचानक तार को छू गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गए। यह देख उनकी पत्नी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गईं। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी प्रकार बिजली का तार हटाकर इसरार अहमद को बचाया।
परिजन इसरार अहमद को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में गहरा शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि बारिश के कारण घर में लगाई गई गन्ने की पौध गिर गई थी। इन्हीं पौध को सीधा करते समय यह दुखद हादसा हुआ। बेटों के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।