दो रोडवेज कर्मचारियों के नाम फर्जी ऋण जारी
नजीबाबाद। साहनपुर पीएनबी बैंक से दो रोडवेज कर्मचारियों के 4.50 लाख रुपये के फर्जी ऋण का मामला प्रकाश में आया है।
नजीबाबाद रोडवेज डिपो में कार्यरत चालक अनार सिंह और साहब सिंह के नाम से किसी ने फर्जीतौर पर ऋण करा लिया। बताया जाता है कि अनार सिंह के नाम से 1.25 लाख रुपये और साहब सिंह के नाम से 3.50 लाख रुपये के फर्जी ऋण की फाइल बैंक के किसी दलाल ने तैयार कराई। अनार सिंह के नाम से करीब सवा लाख रुपये का ऋण बैंक से निकाला जा चुका है। अनार सिंह ने फर्जी ऋण दलाल द्वारा कराने के संबंध में पुष्टि की।
उधर, रोडवेज चालक साहब सिंह के नाम से बैंक में फर्जी ऋण की फाइल तैयार होने के बाद खाते में धनराशि डाल दी गई। इसी बीच साहब सिंह को उसके नाम से फर्जी दस्तावेज के आधार पर ऋण स्वीकृत कराने का मामला पता चला, जिस पर साहब सिंह ने बैंक प्रबंधक से संपर्क किया। उधर, बैंक प्रबंधक महेंद्र सिंह ने फर्जी ऋण मामले में कुछ बताने से आनाकानी की। उन्होंने कुछ लोगों द्वारा मानसिक रूप से परेशान करने की बात कही।