चांगीपुर में नकली शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी
बिजनौर। नूूूरपुर पुलिस और एसओजी ने गांव चांगीपुर में छापा मारकर नकली शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। यहां से शराब बनाने वाले गैंग के दो सदस्य दबोचे गए हैं। गैंग के पास से करीब 40 लाख रुपये कीमत की शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्र के अनुसार अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। नूरपुर पुलिस व एसओजी ने गांव चांगीपुर में अवैध शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। गैंग नकली शराब तैयार कर पव्वों पर शादीलाल डिस्टलरी एंड केमिकल वर्क्स मंसूरपुर मुजफ्फरनगर की शराब का मार्का लगाकर बेचता था। पुलिस ने रामपुर निवासी राजू व अमरोहा निवासी शीशपाल को गिरफ्तार किया है। उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनके पास से 44 पेटी शराब, 15 केन भरी हुई शराब, चार खाली कैन, यूरिया के दो कट्टे, ढक्कन, पैकिंग की दो मशीन, एक टंकी सफेद रंग, नए ढक्कन के दस बंडल, दो लीटर केमिकल, दो तीव्रता मापक यंत्र व अन्य सामान बरामद किया है। गैंग यूरिया और केमिकल से शराब बनाता था। गैंग को पकड़ने वाली टीम में थाना प्रभारी संजय कुमार पंचाल, एसआई महेशचंद्र व विनीत कुमार, कांस्टेबल बबलू कुमार, धर्मेंद्र कुमार, किशन कुमार, एसओजी टीम के प्रभारी राजेश सोलंकी, मनोज परमार, हिमांशु चौहान, खालिद, सुमित आदि मौजूद रहे।