बिजनौर। दो युवकों ने घर का काम करने के बहाने एक महिला को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू और ब्लेड से वार कर गंभीर घायल कर दिया।
इस दौरान महिला बेहोश हो गई तो दोनाें उसे मरा समझ कर जंगल में छोड़ कर फरार हो गए। होश में आने पर महिला किसी तरह थाने पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना स्योहारा क्षेत्र की रहने वाली महिला शादी समारोह में बर्तन साफ करने का काम करती है। आरोप है कि शनिवार की शाम उसके मोहल्ले का ही एक युवक ने उसे किसी शादी में बर्तन साफ करने के लिए अपने साथ ले जाने की बात कही।
हामी भरने पर युवक और उसका एक साथी उसे कार में बैठा कर कांठ की ओर जंगल में ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया। दुष्कर्म में असफल रहने पर आरोपी युवकों ने ब्लेड और चाकूू से महिला पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर घायल कर दिया।
इस दौरान महिला बेहोश हो गई। दोनों उसे मरा हुआ समझ जंगल में छोड़ कर फरार हो गए। महिला के मुताबिक उसे रात करीब 12 बजे उसे होश आया और किसी तरह गांव पहुंच कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस ने आनन फानन में महिला को सीएचसी स्योहारा में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष स्योहारा सतीश यादव ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली हैं। तहरीर मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटे के साथ रहती है अकेली
पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर रखी है और वे अलग रहते है। वह अपने बेटे के साथ रहती है। बेटा टेंट की दुकान पर काम करता है। वह भी काम के सिलसिले में वह बाहर गया हुआ है।