गुलदार न पकड़ने पर रोष जताया
स्याहोरा। भाकियू की बैठक में वन विभाग की ओर से गुलदार को न पकड़ने पर रोष जताया गया। किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी। ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि जटनंगला में पिंजरा लगाने के बाद भी वन विभाग गुलदार को नहीं पकड़ पाया है। एक हफ्ते में गुलदार दो बाइक सवारों पर हमला कर चुका है व एक बछड़े को खा चुका है। जटनंगला व आसपास के गांव वालों पर गुलदार के हमले का खतरा बना हुआ है। बैठक में सत्यवीर सिंह, गजराम सिंह, शफीक अहमद, बलवीर सैनी, रोहित चौहान, पोखर सिंह आदि मौजूद रहे।
गुलदार दिखने से गांव वाले दहशत में
चंदक। मंगलवार रात गांव खुड़ाहेड़ी-बहादरपुर मार्ग पर दो युवक ईंट भट्टे की छत पर चढ़े हुए थे। उन्होंने वहां से गुजरने वालों को बताया कि वहां से गुलदार गुजरा है। इस पर बहादरपुर निवासी सूरज, अंकित व अंकुर भी कमरे की छत पर चढ़ गए। उन्होंने गांव में गुलदार दिखे जाने की सूचना दी। गांव वाले शोर मचाते हुए मौके पर आ गए। गांव वालों के आने पर सभी छत से उतरे। छत पर पहले से जो दो युवक चढ़े थे उनके नाम व गांव के बारे में किसी को पता नहीं चला।