नजीबाबाद का सूना पड़ा रेलवे स्टेशन।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद। त्योहारी सीजन को देखते हुए और क्षेत्रीय छोटे स्टेशन के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल मंत्रालय पैसेंजर ट्रेनों के पुन: संचालन की योजना बना रहा है। यही वजह है कि मंडलीय रेल अधिकारियों ने पैसेंजर ट्रेनों के संचालन संबंधी क्षेत्रीय स्टेशनों से जानकारी और सुझाव मांगे हैं।
देश में कोविड महामारी फैलने के बाद से ही पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद है। हालांकि बाद में सीमित संख्या में ट्रेनें चलाई गई हैं। रेल मंत्रालय के निर्देश पर मुरादाबाद मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन सहित क्षेत्रीय स्टेशन से पैसेंजर ट्रेनों के पूर्व संचालन, यात्रियों की स्थिति और ट्रेन संचालन शुरू करने के लिए सुझाव मांगे हैं। कोविड-19 संक्रमण से पूर्व नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से नजीबाबाद-कोटद्वार और नजीबाबाद-गजरौला के बीच तीन-तीन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होता रहा है। इसके अतिरिक्त कोविड-19 संक्रमण से पूर्व नजीबाबाद स्टेशन से होकर जाने वाली ट्रेनों में सहारनपुर से मुरादाबाद तक पैसेंजर, एक मेमो और ऋषिकेश से बांदीकुई के बीच पैसेंजर ट्रेन शामिल थीं।
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन सहित आसपास के स्टेशनों मौजमपुर नारायण, किरतपुर, नगीना, धामपुर, स्योहारा आदि स्टेशनों ने मंडलीय रेल अधिकारियों को मांगी गई जानकारियां उपलब्ध करा दी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही ट्रेनों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।