बिजली समस्या दूर करने को लेकर एक्सईएन से वार्ता करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर में गांव सरकथलसानी के ग्रामीणों ने बिजली के जर्जर तारों को बदलवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विद्युत वितरण खंड कार्यालय में अधिशासी अभियंता का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की अधिशासी अभियंता से तीखी नोकझोंक भी हुई।
शुक्रवार को ग्रामीण सुबह 10 बजे खंडीय कार्यालय पर एकत्र हुए। गांव के दिग्विजय सिंह, विमल चौहान ने कहा कि उनके गांव में लगे बिजली के तार जर्जर हालात में है। पिछले साल जर्जर तारों को बदलने की मांग को लेकर स्टीमेट बनाकर खंडीय कार्यालय में जमा करा दिया गया था। इस स्टीमेंट का क्या हुआ। इस संबंध में कोई भी अफसर बताने को तैयार नहीं है। केवल जानकारी दी गई कि एमडी के पास स्टीमेट भेज दिया गया है। इस पर ग्रामीणों ने उनसे एमडी का नंबर मांगा, लेकिन देने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों की एक्सईएन से तीखी नोकझोंक भी हुई। एक्सईएन के जल्द समस्या का समाधान कराने के आश्वासन पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। प्रदर्शनकारियों में ग्राम प्रधान संजय भाटी, ब्रजपाल ,अमित कुमार, टोनी, जोनी, जलालुददीन, छोटे, हसरत, अशरफ, अरविंद आदि मौजूद रहे।
उधर, कासमपुरगढ़ी में बिजली कटौती से ग्रामीणों में असंतोष है। कई स्थानों पर टूटे तारों को ठीक नहीं किए जाने के कारण बिजली आपूर्ति तीन दिन से ठप है। ग्रामीणों ने टूटे तारों को ठीक कराने की मांग की है। ग्रामीण अकबर अली, नफीस अहमद, ध्यान सिंह, मनोज कुमार , अनीस अहमद ने जल्द समस्या का निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।