प्रतिबंध के बाद भी कराई जा रहीं परीक्षाएं
बिजनौर/नगीना। शासन के निर्देशों को दरकिनार कर प्राइवेट स्कूलों में परीक्षाएं और अन्य शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बिजनौर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर व चांदपुर आदि सभी नगरों और ग्रामीण अंचलों के स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को संपर्क के लिए भेजा जा रहा है।
कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों-कॉलेजों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन निर्देशों की अवहेलना कर अभी भी नगरों व आसपास के कई स्कूलों में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। विद्यालयों के शिक्षकों को संपर्क के लिए नगरों और गांवों में भेजा जा रहा है। नगीना के कई अभिभावकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नगर के मोहल्ला लाल सराय स्थित एक निजी स्कूल में सरकार के निर्देशों की अवहेलना कर छोटे बच्चों की परीक्षाएं हो रही हैं। कई शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शासन के निर्देशों के बाद उनके स्कूल को बंद तो कर दिया गया है, लेकिन स्कूल प्रबंधन शिक्षकों को ग्रामीण अंचलों में मिश्रित आबादी के बीच संपर्क के लिए भेज रहा है। अभिभावकों और शिक्षकों ने प्रशासन से कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए ऐसे स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।