कर्मचारियों नेे सरकार के फैसले का किया विरोध
बिजनौर। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने सरकार के भत्ते आदि काटने के फैसले का दीपक और मोमबत्ती जलाकर विरोध जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार से एक बार फिर पुनर्विचार करने की मांग की गई।
शुक्रवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष गजेंद्र कुमार शर्मा और डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार रवि के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के तमाम विभागों में कार्यरत कर्मचारी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जिला अस्पताल परिसर में एकत्रित हुए और दीपक तथा मोमबत्ती जलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष गजेंद्र कुमार शर्मा और मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि इस वैश्विक महामारी में कर्मचारी जीजान से जुटे हैं। वे अपने परिवारों से दूर हैं। हर विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए सरकार के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सरकार ने उनके ही विभिन्न भत्तों से कटौती कर सही नहीं किया। इससे सभी कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। रोडवेज कर्मचारी जयवीर सिंह, वाहन चालक राजपाल सिंह, अमित भटनागर, रजनी शर्मा, पुष्पा निगम, शशि, राम सिंह, प्रदीप, सुधीर कुमार समेत कई विभागों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे।