धामपुर। आरएसएम कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रीय किसान वर्कशॉप और गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता पदमश्री भारत भूषण त्यागी ने कहा कि भारत में आज दूसरी हरित क्रांति की आवश्यकता है। उन्होेंने शिक्षा अनुसंधान, कृषि, नीतिगत समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक-असंतुलन, बीमार-जमीन, पानी की समस्या, आर्थिक-संकट, खाद्यान-श्रंखला में कमजोरी, गांव की कमजोर स्थिति, कृषि के घटते सम्मान को देख आज कृषि के प्रति नई नीति, नई दृष्टि और स्वदेशी-तकनीक अपनाने पर बल दिया। गोष्ठी से पहले बतौर अतिथि ज्योति राणा, प्रियंकर राणा, नरेंद्र गुप्ता, नीरजा सिंह, सचिव डॉ. एस.के. राजपूत, प्राचार्य प्रो. राजेश सिंह चौहान, धामपुर शुगर मिल के यूनिट हैड सुभाष पांडे, डॉ. भारती चौहान ने मेले का उद्घाटन किया।
इस मौके पर प्राचार्य प्रो. राजेश सिंह चौहान, डॉ. भारती चौहान, डॉ. आकाश, श्री वीर सिंह की ओर से लिखित पुस्तक फ्राम फील्ड टू राइट्स का विमोचन हुआ। पीवीएफआरए नई दिल्ली के डिप्टी रजिस्ट्रार उमाकांत दुबे ने कहा कि किसानों को फसलों की किस्म, कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2001 को जानना जरूरी है। प्राचार्य प्रो. राजेश सिंह चौहान ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य में किसानों, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और शिक्षकों को एक मंच में लाकर अन्नदाताओं की समस्याओं, संभावनाओं और भविष्य को साकार करने के लिए प्रयासरत रहना है।
कार्यक्रम में प्रतिशील किसान शरद कुमार, विनीत कुमार, सुमन रानी, नितेश वर्मा आदि ने भी विचार रखे। संचालन प्रो. एसएल पाल ने किया। सचिव डॉ. एसके राजपूत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।