आक्रामक हो रहे हाथी, जनता को दौड़ाया
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्र में आ रहे हाथियों के तेवर अब उग्र होने लगे हैं। नई कॉलोनी में एक हाथी ने नागरिकों को दौड़ा दिया। कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगलों से आबादी की ओर आने वाले हाथियों के तेवर अब उग्र होने लगे हैं। जिसकी वजह से नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों से निकलकर एक जंगली हाथी नई कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर आ गया। हाथी को देखकर लोगों ने शोर शराबा किया। जिस पर हाथी भड़क गया और उसने चिंघाड़ के साथ लोगों को दौड़ाना शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर तैनात सुरक्षा दल के एक कर्मी की साइकिल गिर गई। हाथी साइकिल के निकट पहुंचा और फिर वह सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर चला गया। गश्ती दल में तैनात प्रभारी पीसी मठपाल ने बताया कि हाथी नागरिकों के शोर मचाने की वजह से भड़क गया। लेकिन जल्दी ही उसे नियंत्रित कर लिया गया और अप्रिय हादसा टल गया।
वहीं, हाथी के आबादी क्षेत्र में आने को लेकर वन विभाग भी सतर्क हो गया है। नागरिकों और वन्य जीव की सुरक्षा के लिए गश्ती दलों को निर्देशित किया गया है। उधर, वन क्षेत्राधिकारी आर के भट्ट का कहना है कि हाथी को चिढ़ाया न जाए, जिससे कि वह भड़के नहीं। वह खेतों में गन्ने के लालच में आबादी की ओर आ रहा है। इस से दूरी बनाकर रखी जाए।