- भरतविहार फीडर के तार बदलने का किया जा रहा कार्य
-जनरेटर, काॅलोनी के इंडिया मार्का नलों से पानी लाकर किए कार्य
संवाद न्यूज एंजेसी
बिजनौर। नवरात्र के पहले दिन कई मोहल्लों में सुबह के समय बिजली कटौती रही। इस कारण सुबह के समय लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। किसी ने जनरेटर से पानी की पूर्ति की, तो काफी लोगों ने काॅलोनियों में खड़े सरकारी नलों से पानी लिया या दूसरे के यहां जाकर स्नान आदि किया। सुबह करीब 11 बजे आपूर्ति सुचारू की गई।
ऊर्जा निगम की ओर से बुखारा बिजलीघर से निकलने वाले भरत विहार फीडर की 11 केवी की लाइन के तारों बदलने का कार्य 14 से 15 अक्तूबर तक होना था। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को विभिन्न माध्यमों से सूचना दी गई थी। नजीबाबाद मार्ग पर शक्ति चौराहे से इंद्रलोक कॉलोनी तक, सेंटमेरी से केले के गोदाम तक, एसडी पुरम, आदर्श नगर, शिवलोक सिटी, आदमपुर तक सप्लाई सुबह 3 बजे से 11 बजे तक बाधित रहेगी। परंतु योजना में 15 अक्तूबर को नवरात्र का पहला दिन का ध्यान नहीं दिया। व्रत के दिन सुबह के पानी की ज्यादा जरूरत होती है। बिजली नहीं आने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
आदमपुर मार्ग स्थित नई कालोनी निवासी मंजू और इंद्रलोक निवासी प्रीति का कहना है कि तार बदलने का कार्य सही है। त्योहार को देखते हुए दिन या समय आगे पीछे कर लेते, तो कोई परेशानी न होती। दिन शुरू होते ही पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
शहर के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए लाइनों के तार बदलने, जर्जर खंभों को बदलने आदि का कार्य किया जा रहा था। थोड़े समय में कुछ क्षेत्र में कार्य कराया जा रहा है। ताकि आगे कटौती आदि की समस्या दूर रहे। उपभोक्ताओं से सूचना के साथ सहयोग की अपील सूचना सोशल मीडिया, न्यूज पेपर आदि माध्यम से प्रसारित कर दी जाती है।
-प्रदीप कुमार, एसडीओ