संवाद न्यूज एजेंसी
नींदडू। बिजली की अघोषित कटौती से उपभोक्तााओं को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नींदडू बिजली घर से जुड़े 13 गांवों की बिजली 13 घंटे बाद लौटी। मगर, करीब डेढ़ घंटे बाद पुनः चली गई।
शनिवार की रात बारिश के दौरान 11 बजे के बाद बिजली गुल हो गई। नींदडू खास, बाजीदपुर, महाबतपुर बीरू, मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, अंथाई शेख, कोटरा टप्पा केशो, मनकुआ, बख्शनपुर व शेखपुरा पित्था समेत 13 गांवों की बिजली ठप रही। बिजली नहीं आने से जहां पंखे व कूलर शोपीस बनकर रह गए, वहीं घरों में गर्मी व उमस के कारण उपभोक्ता रात भर सो नहीं पाए।
रविवार को मध्यांह 12ः15 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की। लेकिन डेढ़ घंटे बाद बिजली पुनः चली गई और शाम तक नहीं लौटी।
उधर, नींदडू बिजली घर 33/11 केवी उपकेंद्र के प्रभारी एवं अवर अभियंता हरवंश सिंह ने बताया कि रात बारिश के चलते 33 हजार केवी की उच्च क्षमता वाली लाइन में फाल्ट आ गया था। रविवार को लाइन स्टाफ ने नींदडू-धामपुर के मध्य लाइन में फाल्ट तलाश कर उसे ठीक किया। आपूर्ति बहाल होने के डेढ़ घंटे बाद बिजली ऊपर से चली गई। बिजली आने पर सप्लाई शुरू की जाएगी।