30 हजार घरों के बिजली कनेक्शन काटे
बिजनौर। बिजली का बिल अदा नहीं करने पर 30 हजार घरों की बत्ती गुल कर दी गई है। दरअसल दस हजार रुपये से ऊपर के बिजली बिल के बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। विभाग ने मई में 10 हजार रुपये से ऊपर के बकाया बिल जमा न करने वाले 30,964 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए हैं। इन उपभोक्ताओं पर 7324.22 लाख रुपये बकाया चल रहा था। राजस्व वसूली का अभियान जून में चलता रहेगा।
तमाम प्रयास के बाद भी बिजली विभाग में बकायेदारों की मोटी फाइल कम नहीं हो रही है। समय पर बिजली बिल जमा न होने बकाएदारों की संख्या बढ़ रही है। राजस्व वसूली के लिए विभाग ने सघन अभियान चला रखा है। अभियान में अधिकारियों की टीम मोहल्लों व गांवों में दस हजार रुपये और इससे ऊपर के बकाएदारों के पास जाकर पहले बकाया बिल जमा करने का आग्रह कर रहे हैं। बकाया जमा न करने पर उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन मौके पर ही काटा जा रहा है। विभाग के अनुसार मई में करीब 32 हजार उपभोक्ताओं के यहां पहुंचे। इनमें से 30,964 उपभोक्ताओं के बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काट दिए। गर्मी में बिजली न होने पर 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने अपना बकाया जमा कर दिया।
मंडल की चारों डिवीजन पर 184 करोड़ बकाया
विद्युत वितरण मंडल बिजनौर में चार डिवीजन है। विभाग के आंकड़ों पर नजर डाले करीब 74 हजार उपभोक्ताओं पर 184 करोड़ एक लाख रुपये बकाया चल रहे हैं, जिसमें आठ सौ उपभोक्ताओं ने मई में करीब 42 लाख रुपये जमा किए हैं।
राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान चल रहा है। 10 हजार रुपये से ऊपर के बकाएदारों की सूची बनाकर पहले बिल जमा करने का आग्रह किया जा रहा है। डिवीजन स्तर से नोटिस भी भेजे जा रहे हैं। बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उपभोक्ताओं से अपील है कि वह समय से बिल जमा करें और अच्छी बिजली पाएं।
- नंदलाल, अधीक्षण अभियंता बिजनौर।