धामपुर। गांव मोहम्मदपुर सादा उर्फ कटिया मेमनपुर में नशेड़ी युवक ने घर घुसकर पूर्व प्रधान की पत्नी पर जानलेवा हमला किया। बीच बचाव के लिए पहुंची पड़ोसन उषा रानी (80) पर भी हमला करते हुए घायल कर दिया। इलाज के दौरान ऊषा की मौत हो गई जबकि पूर्व प्रधान की पत्नी की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
पूर्व प्रधान स्वतंत्रपाल सिंह ने बताया कि उनका चचेरा भाई कुलदीप सिंह गांव के पूर्व प्रधान हैं। कुलदीप सिंह की पत्नी रुक्मणी (62) शुक्रवार शाम 5 बजे घर में अकेली थी, तभी गांव का ही रहने वाला ऋषभ चौहान नशे की हालत में घर में घुस गया। आरोपी ने रुक्मणी के कानों से सोने के कुंडल खींचने का प्रयास किया तो तभी रुक्मणी ने शोर मचा दिया। जिससे नशेड़ी ने रुक्मणी और बचाव के लिए पहुंची उषा पत्नी स्व. गोपाल कुलदीप सिंह ने मौके रुक्मणी को बचाने का प्रयास किया।
आरोपी ने रुक्मणी के साथ उषा पर भी चमचे से वार करना शुरू कर दिया, जिससे दोनों महिलाएं बेहोश हो गईं। उषा की एक आंख बाहर निकल गई और उसके दोनों जबड़े फ्रैक्चर हो गए। रुक्मणि के सिर में भी गहरी चोट लगी। गांव के लोगों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने दोनों घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के लिए धामपुर में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत को चिंताजनक मानते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार देर रात उषा की मौत हो गई। रुक्मणी की हालत अभी स्थिर बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ऋषभ चौहान एक पुत्र का पिता है। गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। वह कुछ दिनों से गांव में ही रह रहा है। पहले भी एक घर में घुस चोरी कर चुका है। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी नशे का आदी बताया गया है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए चालान कर दिया। घायल महिला रुक्मणि के स्वास्थ्य में सुधार आने के बाद घटना की पूरी जानकारी मिल सकेगी।