नहटौर। थाना क्षेत्र के गांव जोगीपुरा में पावर कोल्हू पर काम को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। धक्का-मुक्की के दौरान 65 वर्षीय रमेश पुत्र माहिया की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस के पहुंचने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार की देर रात गांव जोगीपुरा निवासी प्रशांत पुत्र रमेश सिंह व जितेंद्र पुत्र लाल सिंह के बीच पावर कोल्हू पर काम करने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान प्रशांत के पिता रमेश सिंह (65) जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से गंभीर हालत में बिजनौर रेफर कर दिया गया। बिजनौर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। रमेश सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक व्याप्त हो गया।
सूचना पर एएसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ अभय कुमार पांडे और अपराध निरीक्षक विपिन कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से जानकारी ली। पुलिस के सामने परिजनों ने दूसरे पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ अभय कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।