घरों पर अदा होगी ईद की नमाज, मस्जिदों में होगी केवल अजान
बिजनौर। ईद पर ईदगाह या मस्जिदों में नमाज अदा नहीं की जाएगी। पुलिस मस्जिदों के पास मुस्तैद रहेगी। घरों में ही ईद की नमाज अदा की जाएगी। प्रशासन ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोरोना संक्रमित मरीज के गांव भोगी को भी सील कर दिया गया है। एसपी ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर सभी से ईद पर सहयोग करने की अपील की।
सोमवार को ईद पर लोगों से घरों में ही नमाज अदा करने की अपील की जा रही है। इस बारे में उलेमा कई दिन से लोगों से अपील कर रहे हैं। प्रशासन ने भी ईद पर लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। ईद पर मस्जिदों पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। मस्जिदों में केवल अजान होगी। नमाज घरों में ही अदा की जाएगी। कोई भीड़ में नमाज अदा करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
एसपी संजीव त्यागी, एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्र, शहर कोतवाल रमेश चंद्र शर्मा ने रविवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना को हराने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी है। भीड़ में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ेंगे। इसलिए सभी घर पर ही ईद की नमाज अदा करें।
वहीं प्रशासन ने गांव भोगी को सील कर दिया है। गांव में तीन दिन पहले एक महिला कोरोना संक्रमित मिली थी। एम्स ऋषिकेश में कैंसर का उपचार कराने के दौरान महिला की मौत हो गई थी। गांव को आने जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने बैरीकेडिंग लगा दी है। गांव वालों से सख्ती से लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की अपील की गई है।