बिजनौर। डीएम ने मुस्लिम समुदाय से घर में रहकर ईद मनाने की अपील की है। उन्होंने नगर पालिका परिषद व पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तीन दिवसीय सफाई अभियान चलाने और बिजली व पानी की निर्बाध आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएम रमाकांत पांडेय रविवार को विकास भवन के सभागार में ईद को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि देशभर में ईदगाह और मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज अदा करने पर पाबंदी लगाई गई है। कोई भी लॉकडाउन का उल्लंघन न करने पाएं। जिला प्रशासन ईद को निर्धारित शर्तों के साथ शांतिपूर्वक, हर्षोल्लास और सांप्रदायिक सौहार्द के वातावरण में मनाए जाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। ईद पर नगर पालिका परिषद व पंचायत के सभी अधिशासी अधिकारी तथा डीपीआरओ अपने-अपने क्षेत्रों व गांवों में तीन दिन तक विशेष सफाई अभियान चलाएं और शहरों के मुख्य स्थानों पर चूना डाला जाना सुनिश्चित करें। विद्युत जेई को ईद पर निर्बाध आपूर्ति करने तथा जलनिगम के जेई को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि व्यापारिक संस्थानों को निर्धारित शर्तों एवं पाबंदियों के साथ खोलने के लिए छूट दी गई हैं। सभी प्रतिष्ठान उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और किसी भी स्थिति में भीड़ न जमा होने दें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर मास्क लगाकर बाहर निकलें। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और सजगता के साथ लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एसपी देहात व नगर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।