शिक्षा विभाग ने शुरू किया लिंग समानता कार्यक्रम
बिजनौर। शिक्षा विभाग की ओर से जनपद में ब्लॉक स्तर और विद्यालय स्तर पर जेंडर इक्विटी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत लोगों को 6 से 14 वर्ष की बालिकाओं का नामांकन कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
लोगों द्वारा लड़के और लड़की में भेदभाव किया जाता है। लड़के को अच्छी शिक्षा ग्रहण कराने के लिए स्कूलों में भेजा जाता है। जबकि लड़कियों की शिक्षा पर लोगों द्वारा कम ध्यान दिया जाता है। लोगों की मानसिकता की वजह से लड़कियों की शिक्षा में अड़चन आ रही है। जिसके चलते अब शिक्षा विभाग की तरफ से लिंग समानता (जेंडर इक्विटी) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसमें लोगों को 6 से 14 वर्ष की बालिकाओं का नामांकन कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके लिए ग्राम प्रधान और स्कूल के हेड मास्टरों से कहा गया है। उन्हें शिक्षा विभाग की तरफ से निर्देश दिए गए है कि गांव की 6 से 14 वर्ष बालिकाओं का किसी भी विद्यालय में नामांकन होना जरूरी है।
बीएसए जय करन यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत ही 6 से 14 वर्ष की बालिकाओं के नामांकन के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर अध्यापकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। जो छात्राओं को जागरूक करने के लिए हैं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान और हेड मास्टर शिक्षा विभाग में पत्र देकर सुनिश्चित कराएंगे कि गांव की सभी बालिकाओं का नामांकन हो चुका है।