जिले के सरकारी विद्यालय 15 दिन रहेंगे बंद
बिजनौर। शासन ने प्राइमरी, अपर प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूलों की 31 दिसंबर से लेकर 14 जनवरी तक के लिए शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है। वहीं, बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए जिले के सेंट मेरी स्कूल में शिफ्ट में बच्चों को स्कूल बुलाया जा रहा है।
कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जिसको देखते हुए स्कूलों द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को शिफ्ट में बुुलाया जा रहा है। सेंट मेरी स्कूल में एक दिन में 50 प्रतिशत से कम ही बच्चों को बुलाया जा रहा है। जिसके चलते बच्चे अब स्कूल में एक दिन छोड़ कर जाएंगे। बीती दो लहरों की वजह से काफी मुश्किलों के बाद बच्चों की पढ़ाई पटरी पर आई थी, लेकिन अब फिर से स्थिति बिगड़ने लगी है। कुछ स्कूलों द्वारा 50 प्रतिशत से कम उपस्थिति के साथ ही बच्चों को बुलाया जा रहा है। ये निर्णय कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लिया जा रहा है। वहीं, बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि अब 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक के लिए सरकारी स्कूलों का शीतकालीन अवकाश है। कोरोना को देखते हुए अवकाश पूरा होने से पहले विद्यालयों को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे।