प्रश्नपत्रों के वितरण में रहेगी दोहरी निगरानी व्यवस्था
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों के वितरण में दोहरी निगरानी व्यवस्था होगी। कोई भी चूक होने पर केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक नपेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल तथा इंटमीडीएट की परीक्षा 18 फरवरी से प्रस्तावित हैं। डीआईओएस दफ्तर के दो सक्षम अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू हो गया है। परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की कथित हेराफेरी रोकने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं में कई बदलाव हुए हैं। शासन परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। अब अगला कदम परीक्षा केंद्रों को प्रश्ननपत्रों के वितरण का है। डीआईओएस प्रतिनिधि निशांत कुमार ने बताया कि शासन ने परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्था की है। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बाहरी विद्यालय का होता है। अब तक परीक्षा के प्रश्नपत्र केंद्र व्यवस्थापक को हैंड ओवर किए जाते थे। परंतु शासन ने व्यवस्था में बदलाव किया है। अब प्रश्नपत्र हैंड ओवर के समय केंद्र व्यवस्थापक के साथ अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक का उपस्थित रहना अनिवार्य है। किसी एक को प्रश्नपत्र नहीं सौंपे जाएगा। परीक्षा संचालन में दोनों की बराबर जिम्मेदारी है। बताया कि प्रश्नपत्र दोनों के सामने काउंट होंगे। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक प्रश्नपत्रों की संख्या कम होने पर डिमांड अपने सामने बनवाएगा। डिमांड दोनों के संयुक्त हस्ताक्षर से डीआईओएस को भेजी जाएगी।
डबल लाक में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र
बिजनौर। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र डबल लाक में रखे जाएंगे। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अपने सामने पेपर डबल लाक में रखवाकर सील कराएगा। कहा कि विद्यालय केंद्र पर परीक्षा देने वाले छात्र छात्राओं की विषयवार संख्या को सूचीबद्ध करके रखें ताकि प्रश्न पत्रों के मिलान में कोई दिक्कत नहीं आए। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए लोकल पुलिस तैनात रहेगी। विद्यालय भी अपने दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की चौबीस घंटे डयूटी लगाएंगे।