बिजनौर में ईद उल अजहा का पर्व जिले भर में सादगी से मनाया गया। मुस्लिमों ने ईदगाह में नमाज अदा कर मुल्क में अमन व तरक्की की दुआ की। सभी ने एक दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईदगाह पर नमाजियों को खिताब करते हुए नायब शहर काजी माजिद अली ने कहा कि मुसलमानों को अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी तालीम दिलानी चाहिए। बच्चों को दीनी तालीम के साथ दुनियावी तालीम मिलनी भी जरूरी है। कहा कि इस्लाम में वतन से मोहब्बत को सबसे पहले बताया गया है। अगर किसी भी देशवासी के साथ कोई दिक्कत है तो मुसलमान बढ़ चढ़कर उसकी मदद करें। कहा कि केरल में आई बाढ़ से हजारों लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं। सभी मुसलमान बढ़ चढ़कर उनकी मदद करें। काजीपाड़ा स्थित अक्सा मस्जिद के इमाम मुफ्ती वकार ने कहा कि कोई भी खुले में कुर्बानी न करें। कुर्बानी को हमेशा पर्दे में करना चाहिए। पशु के अवशेष खुले में नहीं डालने चाहिए और खून नाली में नहीं बहाना चाहिए। गोश्त को ढक कर दूसरी जगह ले जाना चाहिए। नायब शहर काजी माजिद अली ने नमाज अदा कराई। सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई। डीएम अटल कुमार राय, एसपी उमेश कुमार सिंह, एसडीएम बृजेश सिंह, पूर्व विधायक रुचि वीरा, चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी ने नायब शहर काजी व बाकी मुसलमानों को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
नगीना में बढ़ापुर रोड स्थित ईदगाह पर मौलाना मेहमदुल हसन कासमी एवं ऐतिहासिक जामा मस्जिद में मौलाना बिलाल ने हजारों मुसलमानों को ईद की नमाज अदा कराई। नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन ताहिरा बेगम के स्वागत शिविर में पूर्व चेयरमैन शेख खलीलुर्रहमान और उनके पुत्र शाहनवाज खलील और विधायक मनोज पारस के स्वागत शिविर में उनके भाई धर्मेंद्र पारस, शिवकुमार गोस्वामी ने नमाजियों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर एसडीएम डॉ गजेंद्र कुमार सिंह, सीओ प्रवीन कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह, एसआई सतराज सिंह, तहसीलदार देवेंद्र पांडेय मौजूद रहे। नमाज के बाद परंपरा अनुसार पशुओं की कुर्बानी दी गई।
नींदडू़ में नायब इमाम मोलवी हलीमुर्रशीद ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई तथा पारंपरिक खुतबा (प्रवचन) दिया। उन्होंने मुल्क में शांति व आपसी सौहार्द कायम रहने तथा देश की खुशहाली व तरक्की के लिए सामूहिक दुआ कराई। जामा मसजिद में मुफ्ती मोहम्मद अशरफ मजाहिरी ने लोगों से कुर्बानी के अवशेष रास्ते में नहीं डालने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इस अवसर पर नींदडू़ खास, बाजदपुर-बीरू, मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, मनकुआ, सरकथल माधो, ठाठ जट, दौलतपुर सुक्खा, अजीतपुर दासी, बुआपुर नत्थू तथा बखशनपुर आदि गांवों के मुसलमानों ने ईद की नमाज पढ़ी तथा बाद में पशुओं की कुर्बानी दी।
बढ़ापुर में कोटद्वार मार्ग स्थित ईदगाह पर मुफ्ती मोहम्मद नौशाद ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद कौम और मुल्क की तरक्की व खुशहाली की दुआएं मांगी गई। हल्दौर में ईदगाह पर शहर इमाम मौलाना मोहम्मद इरशाद कासमी ने नमाज अदा कराई। नगर पालिका अध्यक्ष अमर सिंह पम्मी ने समस्त पालिका सभासदों एवं पालिका कर्मियों के साथ पहुंच कर सभी को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पुलिस प्रशासन द्वारा ईदगाह पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई। ईद की नमाज के बाद सभी मुस्लिमों ने अपने घरों पर बकरे आदि पशुओं की कुर्बानी दी। जामा मस्जिद में ईद की नमाज नमाज हाफिज अब्दुल गफ्फार ने अदा कराई। उधर, गांव अम्हेड़ा, पावटी, सल्लाहपुर, छजुपुरा सादात, पैजनियां, जमीरूद्दीन हथाई, फजलपुर ढ़ाकी आदि गांवों में ईद पर गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी गई।
नूरपुर में ईदगाह पर शहर इमाम मोहम्मद अली ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद कुर्बानी की गई तथा लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। हाईवे पर ट्रैफिक रुका रहा। उधर, राजा का ताजपुर में शहर इमाम नसीम अहमद ने ईदगाह पर ईद की नमाज की अदा कराई।
नहीं लगा बुद्घ का बाजार
ईद उल अजहा के कारण काजीपाड़ा में लगने वाला बुध बाजार नहीं लगा। मगर, काजीपाड़े में मेले जैसा माहौल रहा। चाट-पकौड़ी के ठेले व झूले लगे रहे। वहां पर बच्चों ने चाट पकौड़ी व झूले का खूब आनंद लिया। मोहल्ला चाहशीरी में भी ठेलों पर बच्चों की काफी भीड़ रही।