नशे में मां की पीट-पीट कर हत्या
हरेवली/बढ़ापुर (बिजनौर)। शराब के नशे में बेटे ने मां-बाप को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीट-पीट कर घायल कर दिया। मां की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि आरोपी का पिता अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव रामनगर गोसाई निवासी मेहर सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई बचन सिंह शराब पीने का आदी है। बचन सिंह आए दिन परिवार वालों के साथ मारपीट करता रहता था। आरोप है कि रविवार देर शाम बचन सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने पर आरोपी ने मां बाप के साथ गाली गलौज कर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी मां मनोदेवी (60) और पिता ध्यान सिंह को एक कमरे में बंद कर लिया। कमरे में बंद कर आरोपी ने उनकी लाठी, डंडों से पिटाई की। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।
किसी प्रकार ध्यान सिंह दरवाजा खोलकर लहूलुहान हालत में बाहर निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल मनोदेवी और ध्यान सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान मनो देवी की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को भी पकड़ लिया।
बढ़ापुर थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तहरीर नहीं मिली है। डाक्टरों ने ध्यान सिंह की हालत गंभीर बताई है।