जलीलपुर। दतियाना में शराब के ठेके के पास शराबियों में कहासुनी हो गई। एक बीच एक शराबी ने अपना ट्रैक्टर दौड़कर तीन लोगों को कुचल दिया, जिनमें तीनों की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बुधवार की शाम दतियाना के शराब के ठेके पर तमाम लोगों की भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान कुछ लोगों में कहासुनी हुई। उसे वक्त तो मामला शांत हो गया। इसके बाद करीब 9:00 बजे कुछ लोग खेड़ा वाले तिराहे पर खड़े हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर आया। जिसने जमालुद्दीनपुर निवासी 40 वर्षीय बाबूराम पुत्र खुशीराम, 60 वर्षीय उदयवीर पुत्र कलवा और 60 वर्षीय महेंद्र को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर भी एक बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। जिसमें ट्रैक्टर चालक दतियाना निवासी 23 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र भूदेव गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसपी बिजनौर केके बिश्नोई ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई है। ट्रैक्टर चालक समेत दो लोग घायल हैं। हादसे से पहले आपस में कहासुनी हुई थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।