शराबी ने पत्नी को डंडे से पीटकर मार डाला
चांदपुर (बिजनौर)। गांव तिरपुड़ा में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने पत्नी को डंडे से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के भतीजे ने अपने ताऊ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
गांव तिरपुड़ा निवासी जोनी ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा सर्वेश शराब पीने के आदी हैं। मंगलवार रात वह शराब पीकर घर आए और उसकी चाची रेखा देवी (45) से बहस करने व गाली गलौज करने लगे। चाची ने जब इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसे डंडे से पीटकर घायल कर दिया। परिजन घायल महिला को को निजी अस्पताल में ले गए, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रेखा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने विवाहिता के पति सर्वेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी व्यक्ति फरार है।