नकली दवाई पकड़ने वाले औषधि निरीक्षक सम्मानित
बिजनौर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की प्रमुख सचिव अनिता सिंह ने नकली दवाओं का कारोबार करने वालों की निर्माण शालाओं और आरोपियों के खिलाफ अदालत में वाद दायर कराने पर जिला औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व भी उन्हें दो बार सम्मानित किया जा चुका है।
प्रमुख सचिव अनिता सिंह की ओर से दिए गए प्रशस्ति पत्र में बताया गया कि जनपद बिजनौर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कार्यरत जिला औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने 28 जुलाई 2020 को सूचना के आधार पर पुलिस बल एवं अन्य औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम के साथ जनपद मेरठ में लगभग 25 लाख रुपये की नकली/संदिग्ध औषधियों पकड़ी थी। इसमें संगठित गिरोह के तीन अभियुक्तों के विरुद्घ सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत भी कराया। इससे पूर्व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त मिनिस्ती एस. ने 16 जुलाई 2018 को भी सम्मानित किया था। उस दौरान उन्होंने जनपद अमरोहा में करीब तीन करोड़ की नकली दवाओं का जखीरा पकड़ा था। इसके अलावा औषधि नियंत्रण विभाग उत्तराखंड अधिकारियों के साथ रुड़की स्थित अवैध निर्माणशाला एवं विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर दोषियों पर मुकदमा पंजीकृत कराया था।