मंडावर(बिजनौर)। गांव फतहपुर सभाचंद के जंगल में गुलदार दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने खेत के एक ओर जाल लगा दिया। गुलदार की तलाश में ड्रोन कैमरा भी उड़ाया गया, लेकिन गुलदार का कुछ पता नहीं चला। पास के खेत में गुलदार के पंजों के निशान मिलने पर वहां पिंजरा लगाया गया है। वहीं गांव मोहंडिया के जंगल में गुलदार का कुछ पता नहीं चल रहा है।
गांव निवासी लोकेंद्र शनिवार सुबह बुग्गी से खेत में जा रहा था। उसे चकरोड पर गुलदार बैठा दिखा। लोकेंद्र ने शोर मचा दिया। गुलदार कल्याण सिंह के गन्ने के खेत की ओर चला गया। खेत के पास गांव वाले इकट्ठा हो गए। पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई। डीएफओ एम सम्मारण, एसडीओ इम्तियाज सिद्दीकी, रेंजर शरद गुप्ता मौके पर पहुंचे। उनके साथ गुलदार को ट्रेंकुलाइज करने के लिए भी टीम भी थी। खेत के एक ओर जाल लगाया गया। ड्रोन कैमरे को खेत के ऊपर उड़ाया गया लेकिन गुलदार नहीं दिखा। वन विभाग व गांव वालों ने मिलकर खेत में व उसके पास वाले खेत में हांका भी लगाया। शोर मचाते हुए सभी खेतों में घूमे लेकिन गुलदार नहीं दिखा। एक खेत के पास गुलदार के पंजों के ताजा निशान दिखे। वहां गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।
वन विभाग ने गांव वालों को पूरी सतर्कता बरतने व अकेले खेतों की ओर न आने, खेत में काम करने से पहले हांका लगाने को कहा। गांव वालों को सुरक्षा बरतने संबंधी पम्फलेट भी बांटे गए। वहीं गांव मोहंडिया में गुलदार वन विभाग की पकड़ से अब तक दूर है। दो दिन से गुलदार ट्रैप कैमरे में भी कैद नहीं हुआ है। डीएफओ के अनुसार फतहपुर सभाचंद में गुलदार को काफी तलाशा गया लेकिन वो नहीं मिला। मोहंडिया में भी गुलदार को पकड़ने की पूरी कोशिश की जा रही है। गांव वाले गुलदार दिखने पर वन विभाग को सूचित करें।
ट्रेकुलाइज गन लेकर डीएफओ खेत पर खड़े रहे
डीएफओ एम सम्मारण खुद ट्रेंकुलाइज गन लेकर खेत में खड़े रहे। गांव वालों को खेत में नहीं जाने दिया गया। विभाग के कर्मचारी खेत को घेरे रहे।
गुलदार को पब्लिक में आने से रोकने व उसे फसाने के लिए कुछ दिन पहले ही मेरठ से जाल मंगवाया गया है। जाल को खेत के बाहर बैरिकेडिंग के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है और इससे गुलदार को फंसाया भी जा सकता है।
मंडावर के गांव फतहपुर सभाचंद के जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए जमा ग्रामीण।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर: मंडावर के गांव फतहपुर सभाचंद के जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए उड़ाया गया ड्रोन।- फोटो : BIJNOR
मंडावर के गांव फतहपुर सभाचंद के जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए हथियारों के साथ वन विभाग की टीम।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर: मंडावर के गांव फतहपुर सभाचंद के जंगल में गुलदार को पकड़ने के लिए जाल लगाते वन विभाग के अधि?- फोटो : BIJNOR