गांवों में पांच दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित
अफजलगढ़। आसफाबाद चमन में बकाया विद्युत बिल जमा न होने पर विद्युत निगम ने आसफाबाद चमन स्थित ओवरहैड टैंक के नलकूप का कनेक्शन काट दिया। जिससेे आधा दर्जन गांवों में पिछले पांच दिन पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अजय शर्मा, रामकुंवर सिंह, सुशील कुमार, असलम अंसारी, मनमोहन सिंह आदि ने बताया कि पिछले पांच दिनों से उनके घरों में टंकी का पानी नहीं आ रहा है। उन्हें दूर हैंडपंप से पानी ढोना पड़ रहा है। जब उपभोक्ताओं ने टंकी ऑपरेटर से समस्या बताई तो उन्हाेंने बिजली का कनेक्शन काटे जाने की बात बताई। घरों में पेयजल समस्या के चलते उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है। विद्युत निगम के जेई गजेंद्र सिंह ने बताया कि अफजलगढ़ क्षेत्र के आसफाबाद चमन, जिक्रीवाला, महावतपुर, हसनपुर, रामनगर गोसाई, भोगपुर सहित छह ओवरहैड टैंक के नलकूपों कनेक्शन बकाया जमा न होने के कारण काटे गए हैं। जल निगम की ओर से बकाया जमा करने पर कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा। जल निगम के जेई शुभम सक्सेना का कहना है बृहस्पतिवार को विद्युत निगम को दस लाख रुपये का चेक दिया गया है। विद्युत निगम के एक्सईएन से बिजली कनेक्शन जुड़वाने की बात की गई है। जल्द बिजली कनेक्शन जुड़वाकर जनता की समस्या को दूर किया जाएगा।