पति से नाराज होकर बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूदी थी महिला
नजीबाबाद/जलालाबाद (बिजनौर)। ट्रेन से कटे मां-बेटे की पहचान हो गई है। कनकपुर खुर्द निवासी मजदूर पेशा परिवार की कविता और उसका चार वर्षीय पुत्र क्रिश के रूप में हुई है। शोकाकुल पति द्वारा होली खेलने से मना करने पर महिला ने रविवार को अपने मासूम को गोद में लेकर ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली।
जलालाबाद के निकट अपलाइन पर मासूम और महिला की मौत की खबर छपने पर दोनों की पहचान र्हुई। गांव कनकपुर खुर्द निवासी मजदूर पेशा परिवार के सुरेंद्र कुमार की 30 वर्षीय पत्नी कविता ने अपने चार वर्षीय मासूम क्रिश के साथ पैसेंजर ट्रेन के आगे कूदकर रविवार को आत्महत्या की थी। परिजनों ने जलालाबाद चौकी पहुंचकर दोनों की पहचान की। सुरेंद्र कुमार, अपनी पत्नी कविता और बच्चों के साथ जलालाबाद क्षेत्र में एक क्रेशर में रहकर मजदूरी करता था।
जलालाबाद पुलिस चौकी प्रभारी आशीष कुमार को महिला के पति सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी भाभी की मृत्यु होने पर परिवार शोक में डूबा था। होली खेलने से रोकने पर गुस्साई कविता रविवार को अचानक लापता हो गई। सवेरे उसे महिला और बच्चे की ट्रेन से कटने की खबर मिली, जिससे उसकी पहचान हुई। कविता के दो अन्य पुत्र आठ वर्षीय भोले और छह वर्षीय दीप हैं।
सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान लोकेंद्र पति सुरेंद्र कुमार, मृतक महिला के भोजपुर मंडावर निवासी भाई रवि, विपिन तथा क्षेत्र के ग्रामीण जलालाबाद पुलिस चौकी पहुंचे। परिजनों ने बिजनौर पहुंचकर शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई।