कोरोना काल में व्यापारियों पर पड़ रही दोहरी मार
चांदपुर। कोरोना कर्फ्यू के चलते बंद दुकानें से कुछ कोरोबारियों को तो दोहरी मार झेलनी पड़ी है। बंद दुकान में सीलन आने व दीमक लगने से बुक विक्रेताओं को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।
देश में कोरोना महामारी की पहली लहर से व्यापारी उबर भी नहीं पाया था कि दूसरी लहर ने व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। कोरोना महामारी की पहली लहर में लॉकडाउन से प्रभावित हुए कारोबारी अभी उबर भी नहीं पाए थे कि दूसरी लहर ने अपना कहर दिखा दिया। ग्रामीण क्षेत्र में भी कहर दिखाई दिया। कोरोना की दूसरी लहर को बढ़ने से रोकने के लिए शासन द्वारा पहले साप्ताहिक कोरोना कार्फ्यू लगाया गया, जिसे पंचायत चुनाव मतगणना के बाद 31 मई तक कर दिया। कोरोना संक्रमण में राहत मिलने पर शासन ने एक जून से कोरोना कर्फ्यू में ढील दी।
एक जून को बाजार खुला। मोहल्ला मंडी कोटला निवासी विकास कुमार की नेहरू चौक के पास विकास बुक हॉल के नाम से किताबों की दुकान है। विकास ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में छूट दिए जाने पर जब दुकान खोली तो होश उड़ गए। कुछ दिन पूर्व हुई बारिश से बंद दुकान में सीलन आ गई। बंद दुकान में दीमक लग गई। जिससे किताबों में दीमक लगने से हजारों रुपये का नुकसान हो गया।