बिजनौर में जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कवायद शुरू हो गई है। कई महकमों से ब्यौरा मांगा गया है कि उनकी बनाई किन सड़कों में गड्ढे हैं। कई विभागों के अफसर व कर्मचारी इस काम में जुट गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 15 जून तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जिले की कई सड़कों की हालत बहुत खस्ता है। विभाग अब गड्ढों को भरवाने में जुट गए हैं। शहरों के बाहर व अंदर की सड़कों के गड्ढे भरवाए जा रहे हैं। छोटे-छोटे गड्ढों तक पर अफसरों की पैनी नजर है। लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने गन्ना विभाग, जिला पंचायत, आरईएस, सिंचाई विभाग, मंडी समिति से जानकारी मांगी है कि उनकी बनवाई सड़कों में कहां-कहां गड्ढ़े हैं।
पीडब्ल्यूडी अपनी बनवाई सड़कों को गड्ढामुक्त कराने में जुटा है। अफसरों व कर्मचारियों की टीम को काम में लगा दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन योगेश पंवार के मुताबिक, 15 जून तक गड्ढे भरे जाने हैं। जो विभाग गड्ढे नहीं भरेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।