चेक बाउंस मामले में चिकित्सक कोर्ट में तलब
बिजनौर। अतिरिक्त न्यायालय के न्यायधीश आरए कौशिक ने 21 लाख 50 हजार रुपये के चेक बाउंस होने के चार मामलों में धामपुर के एएन केयर एंड क्योर हॉस्पिटल की मालिक डॉक्टर नाज को 16 मार्च को तलब किया है।
धामपुर के मोहल्ला शिव नगर कॉलोनी निवासी अवनीश चौहान, मोहल्ला लोहियान निवासी कुलमणि सिंह, मोहल्ला रानी बाग कॉलोनी निवासी अनिल कुमार, गांव सरकड़ा निवासी वैभव कुमार की ओर से न्यायालय में दाखिल परिवादों में कहा गया था कि उनसे व अन्य लोगों से डाक्टर नाज ने अपने हॉस्पिटल में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए 28 लाख रुपये लिए थे। इसके बावजूद उन्होंने मेडिकल किसी और को खुलवा दिया। उनसे ली गई धनराशि के बदले अवनीश चौहान को सात लाख रुपये, कुलमणि सिंह को पांच लाख रुपये, अनिल कुमार को दो लाख रुपये, वैभव कुमार को साढ़े सात लाख रुपये का चेक दिया था। इन लोगों ने बैंक खातों में चेक जमा किए तो डाक्टर नाज के खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गए। नोटिस देने के बावजूद भी उन्हें चेक की धनराशि का पेमेंट नहीं किया गया। न्यायालय में दाखिल परिवाद में इन लोगों ने चेक बाउंस मामले में डाक्टर नाज को दंडित करने एवं चेक की धनराशि ब्याज सहित दिलाने की गुहार लगाई थी।