कोतवाली देहात। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला मरीजों ने चिकित्सक पर शराब का सेवन कर ओपीडी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। डायल 112 पर दी गई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत किया। आरोप है कि ओपीडी का समय खत्म होने से पहले ही चिकित्सक उठकर चले गए।
सोमवार को थाना क्षेत्र के ग्राम पैहरूवाला निवासी मुस्कान पत्नी गुलबहार अपने बच्चे को दवाई दिलाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आई थी। महिला का आरोप है कि पीएचसी में तैनात एक चिकित्सक ने शराब का सेवन कर रखा था। महिलाओं ने हंगामा करते हुए डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर डायल 112 के सिपाहियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चिकित्सक ने नशे की हालत में मरीजों के पर्चे फेंक दिए। वह अस्पताल समय से पहले ही पीएचसी से चले गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल दिवाकर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।