चिकित्सक नदारद, डी फार्मा के प्रशिक्षु कर रहा इलाज
कोतवाली देहात। कोतवाली देहात स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशिक्षु डी फार्मा घायलों का इलाज कर रहे हैं। दुर्घटना में घायल हुए मरीज का इलाज चिकित्सक के बजाय किसी अन्य से कराए जाने का मामला सामने आया है। इससे संबंधित एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर भी वायरल होता रहा।
शनिवार देर रात्रि एक मरीज प्राइवेट एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात आया। इस दौरान एक युवक घायल व्यक्ति का एंबुलेंस में ही प्राथमिक उपचार करने लगा। इस संबंध में वहां मौजूद लोगों ने व्यक्ति से पूछा तो उसने कोई भी जवाब नहीं दिया। इस पर वहां मौजूद कई लोगों ने आरोप लगाया कि चिकित्सालय स्टाफ द्वारा बाहरी लोगों से इलाज कराया जा रहा है। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक युवक मरीज का उपचार करते हुए नजर आ रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति डी फार्मा है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तीन माह का प्रशिक्षण ले रहा है।