नगीना में बढ़ापुर रोड पर बनाई जा रही सड़क का निरीक्षण करते डीएम उमेश मिश्रा।
- फोटो : BIJNOR
नगीना-बढ़ापुर मार्ग निर्माण में देरी पर डीएम खफा
नगीना। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार दोपहर नगीना के गेहूं क्रय केंद्र तथा नगीना-बढ़ापुर रोड पर हो रहे सड़क निर्माण का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम एक बजे सबसे पहले नगीना कोतवाली मार्ग पर नवीन मंडी स्थल पर स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों व गेहूं तौलवा रहे किसानों से जानकारी हासिल की। गेहूं क्रय केंद्र के प्रभारी कीर्तिराज ने बताया कि उनके केंद्र पर अब तक 389 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इसके बाद जिलाधिकारी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास योजना के अंतर्गत नगीना-बढ़ापुर मार्ग पर बन रही सड़क की गुणवत्ता को देखने के लिए पहुंचे। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलोत की ओर से मुरादाबाद लोकसभा के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह से नगीना-बढ़ापुर मार्ग निर्माण में हो रही देरी व गुणवत्ता के साथ सड़क नहीं बनने की शिकायत की गई थी। जिसके बाद डीएम ने मार्ग का निरीक्षण किया।
उन्होंने ग्राम नंदपुर, ग्राम काजीवाला व कृष्णा नगर में गाड़ी से उतरकर सड़क की गुणवत्ता की भी जांच की। मौके पर मौजूद जेई व एई से सड़क निर्माण में देरी व सड़क की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। अरविंद गहलोत ने बताया कि डीएम ने प्रोजेक्ट मैनेजर को दफ्तर में तलब करने के साथ-साथ 15 दिन के भीतर दोबारा सड़क निर्माण का निरीक्षण करने आने की बात कही है। इस मौके पर एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ सुमित शुक्ला, अरविंद गहलोत, ब्लॉक प्रमुख के पति ठाकुर विकास राजपूत भी मौजूद रहे।
नगीना कोतवाली मार्ग पर नवीन मंडी स्थल पर स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर जांच करने पहुंचे डीएम उमेश मि- फोटो : BIJNOR