बकाया मूल्य भुगतान न करने पर डीएम ने लगाई फटकार
बिजनौर। चीनी मिलों ने पिछले सप्ताह के 76 करोड़ के भुगतान के लक्ष्य के मुकाबले केवल 28.49 करोड़ का ही भुगतान किया है। डीएम रमाकांत पांडेय ने भुगतान न करने वाली चीनी मिलों को कड़ी फटकार लगाई।
धामपुर चीनी मिल ने 20 करोड़ के भुगतान के लक्ष्य के सापेक्ष 7.40 करोड़, स्योहारा मिल ने दस के मुकाबले 3.24, बिलाई ने 12 के सापेक्ष नौ, बरकातपुर चीनी मिल ने दस के सापेक्ष 2.16 करोड़, चांदपुर मिल ने सात के मुकाबले 3.4 करोड़ तथा बिजनौर चीनी मिल ने पांच करोड़ के सापेक्ष 2.21 करोड़ का भुगतान किया है। बहादरपुर, बुंदकी व नजीबाबाद चीनी मिल ने फूटी कौड़ी का भी भुगतान नहीं किया है। डीएम ने कहा कि गन्ना भुगतान में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकाया भुगतान न करने पर चीनी मिल के अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह समेत चीनी मिलों के अफसर मौजूद रहे।