डीएम और एसपी ने जेल का किया निरीक्षण
बिजनौर। चित्रकूट जेल में हुई घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बृहस्पतिवार को डीएम, एसपी ने जिला कारागार का पुलिस के साथ निरीक्षण किया। सभी बैरकों की तलाशी कराई। जेल प्रशासन ने दस बुजुर्ग कैदियों को 60 दिन के लिए जेल से रिहा कराने का डीएम को प्रस्ताव दिया। शासन से अनुमति मिलने के बाद ही इन कैदियों की रिहाई हो पाएगी।
डीएम रमाकांत पांडेय, एसपी डा.धर्मवीर सिंह, सीओ कुलदीप गुप्ता व अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ बृहस्पतिवार को जेल में गए। उन्होंने जेल का निरीक्षण किया। डीएम व एसपी ने कोविड 19 के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देखा कि बंदियों के लिए सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं या नहीं। इसके बाद पुलिस के साथ सभी बैरकों को खंगाला गया। एक एक बंदी के सामान की तलाशी ली गई पर किसी के पास कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जेल प्रशासन की ओर से डीएम को जेल में हत्या, अपहरण व दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे 65 साल से अधिक के कैदियों को 60 दिन के लिए जेल से रिहा करने का प्रस्ताव दिया गया। डीएम की ओर से यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही ये कैदी रिहा हो सकेंगे। जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर सिंह के मुताबिक निरीक्षण में सबकुछ ठीक पाया गया है।