बरेली में आयोजित पृथ्वी कप 2019 में टीम को मिली ट्रॉफी गुरुदेव और टीम के सामूहिक के हुनर की कहानी बयां करती है। जयपुर में एक सप्ताह पूर्व संपन्न हुई क्रिकेट प्रतियोगिता में हालांकि राजस्थान की टीम विजयी रही, लेकिन उत्तर प्रदेश की टीम से दिव्यांग गुरुदेव ने बतौर ऑलराउंडर सभी का दिल जीत लिया। गुरुदेव ने दो विकेट हासिल किए। लंबे समय तक क्रीज पर जमे रहे और फील्डिंग में भी फुर्ती दिखाई।
भागूवाला के गांव चमरिया का 17 वर्षीय दिव्यांग गुरुदेव राजकीय इंटर कॉलेज काशीरामपुर का कक्षा 10 का विद्यार्थी है। पिता इंद्रू गोपाल का कई वर्ष पूर्व बीमारी में निधन हो गया। मां सविता ने अपनी बिटिया के साथ ढाबा चलाकर परिवार का पेट पाला।
सविता को दृढ़ विश्वास है कि उनका लाडला गुरुदेव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से देश और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा। वर्तमान में वह मुरादाबाद में क्रिकेट अभ्यास में व्यस्त है। गुरुदेव को बस इंतजार है तो भारतीय टीम के साथ मैदान में उतरने का ताकि वह अपनी गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग के साथ टीम को जीत दिला सके।
बचपन में बाएं हाथ में लगी थी गंभीर चोट
बचपन में पेड़ से गिरने से गुरुदेव का बायां हाथ कलाई से टूट गया था। उसे बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। गुरुदेव ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का सहारा बनते हुए क्रिकेट से रुचि बरकरार रखी। अभ्यास, लगन और धैर्य के सहारे गुरुदेव ने दिव्यांगों की टीम तक पहुंचने का सफर तय किया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/