दिव्यांग बच्चों ने खेलों में दिखाया दमखम
बिजनौर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विश्व दिव्यांगता दिवस पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों ने अपना दमखम दिखाया। 50 मीटर दौड़ में आकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजयी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मंगलवार को नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला कोषाधिकारी सूरज कुमार ने किया। उन्होंने समाज के लोगों से दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में आगे आने पर जोर दिया। इसके बाद दिव्यांग बच्चों की 50 मीटर दौड़ में आकाश, उपकार व वीरू, मानसिक रूप से कमजोर बच्चों की 50 मीटर दौड़ में आदित्य, उमेश, आदित्य, बालिकाओं की दौड़ में शिबा, मोनिका व प्राची ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर की ट्राईसाइकिल दौड़ में प्रमोद कुमार, शमशाद अहमद, रिंकू कुमार ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। अस्थि दिव्यांग बच्चों की 100 मीटर दौड़ में कन्हैया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्रेल लेखन में आकिब प्रथम व राजकुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की रस्साकसी में किरतपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि बालिका वर्ग में प्रेमधाम आश्रम की टीम विजयी रही। कुर्सी दौड़ में रूसदान, विनीत व सालिक ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। छूकर पहचान करने में राजकुमार, रोशन व मोहित, स्टिक रेस में राजकुमार, कार्तिक व मोहम्मद अकदस, स्टीक रेस सामूहिक में सत्येंद्र, अमन व मोहित, चित्रकला में विनीत कुमार, अगस्त्य व मीनाक्षी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गायन प्रतियोगिता में प्रेमधाम की टीम प्रथम रही जबकि आर्य सुगंध मुस्सेपुर की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 12 से 18 वर्ष की चित्रकला प्रतियोगिता में शबीना परवीन, भावना व सारिक, सुलेख में विशाल, आदित्य व मोनिका ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। पैर से लिखने की प्रतियोगिता में किरतपुर के अमन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर व्यायाम शिक्षक अरविंद अहलावत, तरनजीत कौर, रोशन लाल, अमित चौधरी आदि ने सहयोग किया। संचालन गुलशन गुप्ता ने किया।
खूब किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रतियोगिता में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति दी। देश भक्ति गीतों से लेकर लोक गीत भी छाए रहे। बीएसए महेश चंद्र द्वारा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक लियाकत अली ने जिले में दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के बारे में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने निजामतपुरा में चल रहे स्कूल के बारे में भी बताया।