डिवाइडर और इंटरलॉकिंग फुटपाथ का जल्द होगा निमार्ण
धामपुर। धामपुर नगर पालिका में नगीना फूले चौक से लेकर आरएसएम तिराहे तक डिवाइडर और सड़क के दोनों तरफ इंटरलॉकिंग फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। तैयारी शुरू कर दी गई है। हाईवे 74 के अधिकारियों से एनओसी मिलने के बाद कार्य शुरू हो जाएगा।
पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता ने बताया कि नगर को खूबसूरत, सुंदर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं। यह सभी कार्य पिछले दिनों संपन्न हुई बोर्ड की बैठक में ध्वनिमत से पास हुए हैं। नगीना चौक से लेकर हाईवे 74 पर पालिका की सीमा के भीतर कालियावाला मार्ग के दोनों तरफ इंटरलॉकिंग फुटपाथ बनवाया जाएगा। नगीना चौराहे से नहटौर मार्ग पर ओवरब्रिज तक इंटरलॉकिंग फुटपाथ और सुभाष चौक से तिरंगा चौक तक सड़क के दोनों ओर जहां जहां पर इंटरलॉकिंग फुटपाथ नहीं है, वहां पर निर्माण कराया जाएगा। बकौल पालिकाध्यक्ष संबंधित विभागों से एनओसी मिलते ही पालिका की ओर से तेजी से काम शुरू करा दिया जाएगा। इतना ही नहीं नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र के जितने भी शमशान घाट और पिंडदान स्थल है। उनकी निरंतर सफाई करने के लिए भी दो दो सफाई कर्मचारी की तैनाती कर दी गई है। इसके लिए कितना खर्चा आएगा इसका इस्टीमेट जेई से तैयार कराया जा रहा है। गौरतलब है कि अभी तक धामपुर में रोडवेज डिपो से लेकर नगीना चौक तक ही डिवाइडर बना है। पहले यहां पर भी जाम और आए दिन सड़क हादसे होते रहते थे।